बीकानेर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से न्यू रोशनी जन कल्याण सेवा संस्थान द्वारा आयोजित तीन माह का ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। समापन समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाली प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा कि आज के दौर में कौशल आधारित शिक्षा आत्मनिर्भर बनने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं से अपने सीखे हुए कौशल का उपयोग स्वरोजगार शुरू करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
संस्थान के संस्थापक ताहिर हुसैन ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी रोजगारोन्मुखी और कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवतियां स्वरोजगार से जुड़ सकें।
प्रशिक्षिका मोहिनी खत्री और शालू गुजराती ने तीन माह के प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर से संबंधित आधुनिक तकनीकों, सौंदर्य सेवाओं और व्यावहारिक कार्यों का प्रशिक्षण दिया। वहीं मोटिवेशनल स्पीकर वासिद अली ने सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखते रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।
- Advertisement -
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीकानेर के अलावा हनुमानगढ़, नागौर, नोखा, लूणकरणसर और नाल क्षेत्र की अनेक बालिकाओं और महिलाओं ने भाग लिया। समापन समारोह में सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि मुख्य अतिथि डॉ. अर्पिता गुप्ता ने उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों की लगन, अनुशासन और सीखने की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान की वरिष्ठ सदस्य दुर्गा देवी ने अतिथियों, प्रशिक्षिकाओं, प्रतिभागियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
