बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) की वार्षिक परीक्षा योजना के अंतर्गत स्नातक स्तर की बीए एवं बीएससी कक्षाओं के शेष रहे विद्यार्थियों की प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं 14 जुलाई 2026 से आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं का आयोजन राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेन्द्र कुमार पुरोहित ने बताया कि यह प्रायोगिक परीक्षाएं बीकानेर जिले के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही हैं। इनमें कंप्यूटर एप्लीकेशन विषय को छोड़कर अन्य सभी संबंधित विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होंगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए महाविद्यालय प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा एवं परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि सभी अभ्यर्थी विश्वविद्यालय और महाविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
- Advertisement -
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यार्थी अपनी प्रायोगिक परीक्षा की समय-सारणी, विषयवार कार्यक्रम और अन्य आवश्यक जानकारी के लिए अपने संबंधित विभाग से संपर्क कर सकते हैं। इससे उन्हें परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकेंगी।
