बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के आड़सर बास इलाके से एक विवाहिता अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। दोनों का काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, आड़सर बास निवासी संतोष देवी ने रिपोर्ट दी कि उनका बेटा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग मकान में रहता है। 2 जुलाई की दोपहर करीब 4 बजे जब वह बेटे के घर पहुंचीं तो उनकी पुत्रवधू और छह वर्षीय पोती घर पर मौजूद नहीं थीं।
परिजनों ने दोनों की आसपास के क्षेत्र, विवाहिता के पीहर और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद संतोष देवी ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में पहुंचकर बहू और पोती की तलाश की गुहार लगाई।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई आवड़दान को सौंपी गई है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है और सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
