बीकानेर। शहर के गंगाशहर इलाके में सरेआम गुंडागर्दी और खौफ का मंजर देखने को मिला। बाजार में अपने दोस्त के साथ खड़े एक युवक पर कुछ बदमाशों ने धारदार हथियारों और लोहे के सरियों से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुकान में छिपकर भी नहीं बची जान
पीड़ित की पहचान गौरव जोशी (पुत्र सुनील जोशी) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गौरव गंगाशहर बाजार में खड़ा था, तभी अचानक हथियारों से लैस बदमाशों ने उस पर धावा बोल दिया। जान बचाने के लिए गौरव भागकर एक पास की दुकान में भी घुसा, लेकिन बेखौफ बदमाशों ने उसे घेर लिया।
हमलावरों ने गौरव के सिर, हाथ और पैरों पर लोहे की रॉड और सरियों से ताबड़तोड़ वार किए। खुद को बचाने के प्रयास में उसके हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
अस्पताल में भर्ती, परिजनों का थाने में हंगामा
ताजा स्थिति: घटना के बाद घायल गौरव को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
- Advertisement -
इस वारदात से आक्रोशित गौरव के परिजन और रिश्तेदार भारी संख्या में गंगाशहर थाने पहुंचे। परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हमलावरों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
रोशनीघर चौराहे के हो सकते हैं बदमाश
शुरुआती अनुमानों के अनुसार, हमलावर फड़बाजार या रोशनीघर चौराहा इलाके के रहने वाले हो सकते हैं। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों को दबोचने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
