बीकानेर। लूणकरणसर कस्बे में गुरुवार रात शरारती तत्वों की हरकत से 11 केवी सिटी फीडर में बड़ा फॉल्ट हो गया, जिससे पूरा कस्बा करीब तीन घंटे तक बिजली संकट से जूझता रहा। इस घटना से विद्युत निगम को करीब सात लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:50 बजे आरोपियों ने 33/11 केवी सबस्टेशन के सिटी फीडर पर जानबूझकर लोहे की साखल फेंक दी। इसके चलते सबस्टेशन ट्रिप हो गया और पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
घटना के दौरान पेट्रोलिंग पर मौजूद इंजीनियर सुपरवाइजर रविन्द्र प्रताप सिंह के पास नामजद आरोपी रमजान (वार्ड 32) का फोन आया। आरोप है कि उसने अपनी गली की बिजली पहले चालू करने का दबाव बनाया और मना करने पर गाली-गलौज व अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 1 बजे फॉल्ट को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की। इस दौरान उमस भरी गर्मी में अस्पताल, जलदाय विभाग और हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
- Advertisement -
सहायक अभियंता (एईएन) राजेश रोशन ने बताया कि इस घटना से वीसीबी, केबल और अन्य विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी गणेश कुमार विश्नोई ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
