बीकानेर। प्रसिद्ध सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सुजानगढ़ एसडीएम द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश में कहा गया है कि श्रद्धालु दर्शन के दौरान रील और वीडियो बनाते हैं, जिससे भीड़ बढ़ने और जाम जैसी स्थिति उत्पन्न होती है। इससे कई बार भगदड़ जैसे हालात भी बन जाते हैं और मंदिर की पवित्रता प्रभावित होती है। सुरक्षा की दृष्टि से भी मोबाइल फोन का प्रवेश उपयुक्त नहीं पाया गया है।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले दिनों मोबाइल फोन के कारण मंदिर परिसर में कुछ अनुचित घटनाएं सामने आई थीं। इन्हीं कारणों से मोबाइल फोन के साथ-साथ स्मार्टवॉच पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
इधर, श्रद्धालुओं की प्रतिक्रिया में कहा गया कि यदि प्रतिबंध लागू किया गया है तो यह सभी के लिए समान रूप से होना चाहिए, केवल सामान्य भक्तों पर नहीं।
