बीकानेर के रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को एक वूलन फैक्ट्री में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग फैक्ट्री में रखे ऊन के बोरों में लगी, जिसके चलते कुछ ही देर में धुएं का गुबार पूरे परिसर में फैल गया। घटना के बाद आसपास के उद्योगों में काम कर रहे लोगों में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, आग इंडस्ट्रियल एरिया की गली नंबर 10 स्थित शुभ ऊन उद्योग में लगी। फैक्ट्री को रोहित अग्रवाल ने लीज पर संचालित कर रखा है। शुरुआती दौर में आग तेजी से ऊन के बोरों में फैलती चली गई, जिससे नुकसान बढ़ने की आशंका जताई गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना पर कोटगेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
- Advertisement -
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से फैक्ट्री में रखे ऊन और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
