बीकानेर पुलिस ने जिले में आदतन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के तहत पुलिस थाना नाल क्षेत्र के जयमलसर निवासी अजयसिंह उर्फ अज्जू भाटी उर्फ सेटी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते उसे पुलिस की विशेष निगरानी सूची में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े कुल छह प्रकरण दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने के कारण उसके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद आरोपी की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी। साथ ही यदि वह भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
बीकानेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
