राजस्थान में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से विशेष अभियान शुरू करने जा रहे हैं। 2 जुलाई से 16 जुलाई तक प्रदेशभर में 15 दिवसीय हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत अब केवल दोपहिया वाहन चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले सहयात्री के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य रहेगा। बिना हेलमेट यात्रा करने पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों एवं गंभीर चोटों को कम करना है।
हेलमेट जांच के साथ-साथ पुलिस ओवरस्पीडिंग, गलत पार्किंग, लेन अनुशासन का उल्लंघन और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी विशेष नजर रखेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस विशेष अभियान का प्रमुख फोकस ग्रामीण क्षेत्रों पर रहेगा, जहां सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर लगातार जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। पुलिस और संबंधित विभाग आमजन से अपील कर रहे हैं कि अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलमेट का नियमित उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।
- Advertisement -
