बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में शादी का रिश्ता तय करने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि रिश्ता तय होने के दौरान नकदी और जेवरात लेने के बाद आरोपियों ने विवाह करने से इनकार कर दिया और सामान लौटाने से भी मना कर दिया।
पुलिस के अनुसार, जोरावरपुरा बास निवासी भंवरलाल पुत्र चुन्नीलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वर्ष 2022 में आरोपियों ने अपनी पुत्री का रिश्ता उसके पुत्र के साथ तय किया था। इस दौरान उन्होंने नकदी और जेवरात लिए थे।
परिवादी का आरोप है कि बाद में आरोपियों ने शादी करने से इनकार कर दिया। जब उसने दिए गए नकदी और जेवरात वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें लौटाने से भी मना कर दिया। शिकायत में इसे शादी का झांसा देकर की गई धोखाधड़ी बताया गया है।
नोखा थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर नागौर जिले के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के अलाय निवासी कालूराम और लीलाधर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
