बीकानेर के पैरा तीरंदाज श्याम सुंदर स्वामी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। चेक गणराज्य में आयोजित प्रतिष्ठित वर्ल्ड रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत की कंपाउंड मिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में श्याम सुंदर स्वामी और विश्व नंबर-1 कंपाउंड तीरंदाज शीतल देवी की जोड़ी ने निर्णायक भूमिका निभाई।
फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने इंडोनेशिया की टीम को मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, सटीक निशानेबाजी और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया, जिसके दम पर भारत ने एक और अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि श्याम सुंदर स्वामी की सफलता से राजस्थान सहित पूरे देश के तीरंदाजी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। उन्होंने इसे भारतीय तीरंदाजी के लिए गर्व का क्षण बताया।
राजस्थान तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने स्वर्ण पदक विजेता श्याम सुंदर स्वामी और शीतल देवी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने श्याम सुंदर स्वामी के प्रशिक्षक अनिल जोशी की भी सराहना करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके कोच का समर्पण, मेहनत और मार्गदर्शन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
- Advertisement -
बीकानेर निवासी श्याम सुंदर स्वामी लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल राजस्थान बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है और इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
