बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा एवं शैक्षणिक सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक जेठानंद व्यास की पहल पर मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी समेत विभिन्न विभागों के लिए 27 सीनियर रेजिडेंट पदों को स्वीकृति मिल गई है।
विधायक व्यास ने बताया कि उन्होंने 10 मई 2026 को चिकित्सा शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाया था। इसके बाद विभाग ने 27 सीनियर रेजिडेंट पदों की मंजूरी प्रदान करते हुए इसकी सूचना भेजी है।
उन्होंने कहा कि इन पदों पर नियुक्तियां होने से मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा, वहीं मेडिकल विद्यार्थियों को भी उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।
व्यास के अनुसार, इस स्वीकृति से सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था दोनों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बीकानेर की चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और सुधार के लिए भविष्य में भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।
- Advertisement -
विधायक ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा शिक्षा विभाग का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार सकारात्मक फैसले ले रही है।
