प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेशभर के विभिन्न जिलों के साथ-साथ बीकानेर में भी बड़े स्तर पर किया जाएगा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रम को लाइव दिखाने की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सकें।
बीकानेर जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय कार्यक्रम महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) के सभागार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार सुबह 9:30 बजे होगी, जहां प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा रोजगार से जुड़े अभ्यर्थियों की उपस्थिति रहेगी।
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार का उद्देश्य रोजगार उत्सव के माध्यम से युवाओं को सरकारी नियुक्तियों और रोजगार संबंधी पहलों से जोड़ना है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले की सभी ग्राम पंचायतों और संबंधित सरकारी कार्यालयों में भी लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी कार्यक्रम का सीधा अवलोकन कर सकें।
प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों को प्रसारण व्यवस्था, बैठक व्यवस्था और समन्वय से जुड़े आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
- Advertisement -
