अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग निषेध दिवस के अवसर पर बीकानेर में आरएलजी संस्थान की ओर से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया जनजागरूकता अभियान
संस्थान की टीम ने पवनपुरी साउथ, सुदर्शना नगर और घड़सीसर क्षेत्र में घर-घर और बाजारों में पहुंचकर लोगों से प्लास्टिक बैग का उपयोग कम करने की अपील की। इस दौरान नागरिकों को कपड़े, जूट और कागज से बने थैलों के इस्तेमाल के फायदे भी बताए गए।
प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती
आरएलजी संस्थान की अध्यक्ष डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा कि प्लास्टिक का लगातार बढ़ता उपयोग पर्यावरण, जल स्रोतों, वन्यजीवों और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक को पूरी तरह नष्ट होने में सैकड़ों वर्ष लग जाते हैं, जिससे यह लंबे समय तक प्रदूषण का कारण बना रहता है।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग निषेध दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश देता है।
- Advertisement -
कपड़े और कागज के थैले अपनाने की अपील
सह सचिव स्नेहा शर्मा और ज्योति खत्री ने लोगों से दैनिक जीवन में प्लास्टिक की बजाय कपड़े, जूट और कागज के थैलों का उपयोग करने का आग्रह किया।
वहीं नेहा कपूर और प्रवीण बानो ने बाजार जाते समय अपना कपड़े का थैला साथ रखने, अनावश्यक प्लास्टिक पैकेजिंग से बचने तथा प्लास्टिक कचरे का उचित पृथक्करण और रीसाइक्लिंग अपनाने का संदेश दिया।
स्वच्छ और हरित बीकानेर का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने और स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त बीकानेर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्थान की ओर से व्यापारियों को कपड़े और कागज के थैले भी वितरित किए गए।
अभियान में सोनू महाराज, कांता खत्री, मीनाक्षी, संतोष मोदी, डॉली, शगुन सोलंकी सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग किया।
