श्रीगंगानगर में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन होटलों को ध्वस्त कर दिया। बुधवार तड़के जेसीबी और हाइड्रोलिक मशीनों की सहायता से करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई में बिना अनुमति संचालित हो रहे होटल सफायर, होटल जॉय इन और होटल ड्रीम (खुंगर होटल) को गिरा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सिटी सीओ, एसडीएम सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। नगर परिषद और यूआईटी की टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
पुलिस के अनुसार 13 वर्षीय बालिका 18 जून को अपने घर से लापता हो गई थी। 22 जून को वह श्रीगंगानगर के एक होटल में गंभीर हालत में मिली, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर महिला थाने में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि बालिका सोशल मीडिया पर बने एक परिचित से मिलने गई थी। आरोप है कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसे श्रीगंगानगर भेज दिया गया। शहर पहुंचने पर एक रिक्शा चालक उसे होटल ले गया, जहां कथित रूप से कई दिनों तक उसका यौन शोषण किया गया।
- Advertisement -
मामले की जांच महिला अपराध प्रकोष्ठ को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित होटलों के प्रबंधकों, कर्मचारियों और अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
