बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर-जोधपुर बाइपास स्थित गणेशम रिसॉर्ट के एक हिस्से को सीज कर दिया। यह कार्रवाई बीडीए आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को की गई।
जानकारी के अनुसार बीडीए की तहसीलदार आकांक्षा गोदारा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और सरकारी भूमि पर निर्मित हिस्से को सीज कर नोटिस चस्पा किया। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई मुख्यमंत्री कार्यालय से मिले निर्देशों के बाद की गई है।
मामले की शुरुआत परिवादी सुहेल पड़िहार द्वारा मुख्यमंत्री जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराने के बाद हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2018 से करीब तीन बीघा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रिसॉर्ट का संचालन किया जा रहा है।
पूर्व में तत्कालीन यूआईटी सचिव अपर्णा अरोड़ा द्वारा कराई गई जांच में भी मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर यूडीएच विभाग को भेजी गई थी। जांच समिति की रिपोर्ट में बताया गया कि रिसॉर्ट ने 90-ए स्वीकृत भूमि के बीच स्थित न्यास की करीब 5,429 वर्गमीटर सरकारी भूमि पर निर्माण कर रखा है।
- Advertisement -
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि खसरा नंबर 8 की ऐसी भूमि पर भी निर्माण किया गया, जो रिसॉर्ट के स्वामित्व में नहीं है। इसके अलावा रिसॉर्ट को जोधपुर-गंगानगर बाइपास से जोड़ने वाली 100 फीट चौड़ी सड़क पर भी कथित रूप से दीवार बनाकर अतिक्रमण किया गया था।
फिलहाल बीडीए ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
