बीकानेर में राजस्थान फुटबॉल संघ का द्वितीय वार्षिक समारोह एवं फुटबॉल एक्सीलेंस अवॉर्ड सेरेमनी 2025-26 का आयोजन वेटरनरी ऑडिटोरियम में किया गया। समारोह में वर्षभर फुटबॉल के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाड़ियों, कोच, रेफरी, क्लबों, जिला फुटबॉल संघों और खेल प्रशासकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब फुटबॉल संघ के सचिव विजय बाली रहे, जबकि अध्यक्षता राजस्थान फुटबॉल संघ के अध्यक्ष कर्नल मानवेंद्र सिंह राठौड़ ने की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े खेल विशेषज्ञों और गणमान्य अतिथियों ने भी भाग लिया।
मुख्य अतिथि विजय बाली ने कहा कि खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों का सम्मान उनके प्रदर्शन को नई ऊर्जा देता है तथा खेल संस्कृति को मजबूत करता है। वहीं वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुमंत व्यास ने खेलों को अनुशासन, नेतृत्व और समर्पण का माध्यम बताते हुए आयोजन की सराहना की।
समारोह के दौरान स्वर्गीय टीकमचंद स्वामी और स्वर्गीय चुन्नीलाल पंवार को मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। इसके अलावा कई वरिष्ठ खिलाड़ियों को उनके लंबे योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
- Advertisement -
पुरस्कारों में बीकानेर जिला फुटबॉल संघ को महिला वर्ग में बेस्ट डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन का सम्मान मिला, जबकि सीकर को पुरुष वर्ग में यह पुरस्कार दिया गया। राजस्थान यूनाइटेड फुटबॉल क्लब को प्रोफेशनल क्लब ऑफ द ईयर, फुटबॉल क्लब ब्रदर्स यूनाइटेड को क्लब ऑफ द ईयर तथा रॉयल फुटबॉल क्लब जयपुर को कंटीन्यूअस डेवलपमेंट क्लब ऑफ द ईयर चुना गया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में जयपुर के ईशान रोजारियो को पुरुष वर्ग का प्लेयर ऑफ द ईयर तथा बीकानेर की हंसा कंवर को महिला वर्ग का प्लेयर ऑफ द ईयर सम्मान मिला। वहीं जयपुर के नरेंद्र सिंह राठौड़ को कोच ऑफ द ईयर और जयपुर के रूपेंद्र सिंह राठौड़ को रेफरी ऑफ द ईयर चुना गया।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी ‘प्राइड ऑफ स्टेट’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और विभिन्न जिलों के फुटबॉल पदाधिकारी मौजूद रहे।
