बीकानेर में सफाई कर्मचारियों की सीधी भर्ती की मांग को लेकर वाल्मीकि समाज ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। जयपुर में चल रही भूख हड़ताल और प्रदेशव्यापी आंदोलन के समर्थन में समाज ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था प्रभावित करने तथा सामूहिक अवकाश पर जाने की चेतावनी दी है।
रविवार को गांधी पार्क में समाज के अध्यक्ष ओम प्रकाश लोहिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति तय की गई। महासचिव मानक वाल्मीकि ने बताया कि 26 जून को जयपुर में वाल्मीकि एवं श्रमिक संघ की बैठक में प्रदेशभर में सामूहिक अवकाश का निर्णय लिया गया था, जिसके तहत बीकानेर में भी समाज के बेरोजगार युवाओं और वरिष्ठ लोगों ने एकजुट होकर आंदोलन का समर्थन किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 29 जून को जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए ज्ञापन सौंपा जाएगा। समाज की मांग है कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता देते हुए सीधी भर्ती की जाए। साथ ही ठेका प्रथा समाप्त कर ठेके पर कार्यरत ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक, सफाईकर्मी और सीवरेज कर्मचारियों को संविदा या स्थायी कैडर में समायोजित किया जाए।
समाज ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर भर्ती संबंधी विज्ञप्ति जारी नहीं की गई तो बीकानेर के सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। इसके साथ ही नगर निगम का घेराव और अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की जाएगी।
- Advertisement -
बैठक में श्याम लाल तेजी, विनोद चांवरिया, नवल चांगरा, अमित तेजी, आनंद मल चौहान, शिवलाल तेजी, माणक गुजराती, विनोद बारासा, सतीश चांगरा, मिथुन चांवरिया, रतन लाल घांरु, फतेह चंद पड़िहार, दिलीप पांडे, गणेश चांवरिया, राजेश द्रविड़ सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
