बीकानेर सहित राजस्थान के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 2 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
सोमवार सुबह जयपुर और अलवर के कई इलाकों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली। वहीं, उदयपुर संभाग में पिछले दो-तीन दिनों से जारी आंधी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
हालांकि पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां धीमी पड़ने से रविवार को गर्मी और उमस का असर बढ़ गया। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बीकानेर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फलोदी में 43.8, चूरू में 43.1, बाड़मेर में 42.2, जोधपुर और हनुमानगढ़ में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। जयपुर, अलवर, करौली, दौसा, पिलानी और कोटा सहित कई शहरों में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
- Advertisement -
दिन के साथ-साथ रात में भी तेज गर्मी और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में आंधी और बारिश की गतिविधियों से तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
