बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के तोलियासर स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। गर्मी की छुट्टियों के बाद जब स्कूल स्टाफ परिसर में पहुंचा, तो कक्षा संख्या-7 की छत की करीब 10 पट्टियां टूटी हुई और नीचे गिरी मिलीं।
छत के मलबे से कक्षा में रखी टेबल और कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि उस समय कक्षा में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे एक गंभीर दुर्घटना टल गई।
विद्यालय प्रशासन ने तुरंत ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को सूचना दी और स्कूल की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई। प्रधानाचार्य के अनुसार विद्यालय के अन्य कक्ष भी जर्जर अवस्था में हैं और पढ़ाई के लिए सुरक्षित नहीं हैं।
सुरक्षा कारणों से फिलहाल बच्चों की पढ़ाई खुले में पेड़ों के नीचे कराने का निर्णय लिया गया है।
- Advertisement -
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि 22 जून 2026 को आयोजित ग्राम सेवा शिविर में भी भवन की खराब स्थिति पर ध्यान दिलाया गया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने निरीक्षण कर भवन को पहले ही असुरक्षित घोषित कर दिया था।
अब ग्रामीणों ने सरकार से जल्द नया भवन बनाने और बच्चों के लिए सुरक्षित शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
