बीकानेर में स्वर्गीय घनश्याम बिस्सा चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित बॉक्स क्रिकेट चैम्पियनशिप के दूसरे दिन स्थानीय किशन गार्डन में पांच रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के दौरान बार अध्यक्ष एडवोकेट अजय पुरोहित और सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
आयोजक हर्षित बिस्सा ने बताया कि पहले मुकाबले में बाबा-8 और पुष्करणा एकेडमी आमने-सामने रहे। अंतिम ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में पुष्करणा एकेडमी ने दो विकेट से जीत दर्ज की। दीपक गिरी को मैन ऑफ द मैच और शोभित आचार्य को बेस्ट बल्लेबाज चुना गया।
दूसरे मैच में फाइटर-11 ने मातेश्वरी टाइगर्स को 96 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में मातेश्वरी टाइगर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य हासिल कर अपनी पहली जीत दर्ज की। विवेक अग्रवाल मैन ऑफ द मैच बने, जबकि फाइटर-11 के वासु सुथार ने 50 रन की शानदार पारी खेलते हुए बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार हासिल किया।
तीसरे मुकाबले में पुष्करणा यंगस्टर्स ने जेएमडी को सात विकेट से हराया। चेतन व्यास को मैन ऑफ द मैच और कपिल पारीक को बेस्ट बल्लेबाज चुना गया।
- Advertisement -
चौथे मैच में धुरंधर ने मातेश्वरी टाइगर्स को 28 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। जुबैद खान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दिन के अंतिम मुकाबले में गेम चेंजर-9 के 36 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टर्फ मास्टर्स ने महज तीन ओवर में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पीयूष सेन ने दो ओवर में केवल चार रन देकर तीन विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच बने, जबकि कुलदीप को बेस्ट बल्लेबाज का सम्मान मिला।
कार्यक्रम के अंत में नवल कुमार पुरोहित और विष्णुनारायण बिस्सा ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
