बीकानेर जिले के पूगल क्षेत्र में पिछले करीब दो महीनों से थ्री-फेज बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज किसानों ने सोमवार को आरडी-750 जीएसएस पहुंचकर विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नाड़ा, भुट्टो का कुआं, 6 बीडी और आसपास के गांवों से पहुंचे किसानों ने नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार बिजली नहीं मिलने से खेतों में खड़ी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसलें खराब होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। इसके साथ ही पेयजल और पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी के अभाव में कई मवेशियों की मौत भी हो चुकी है।
किसानों ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली संकट ने आमजन का जीवन भी कठिन बना दिया है। घरों में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय बिजली नहीं रहने से हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। उनका कहना है कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तक नहीं आए, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
- Advertisement -
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि आरडी-750 जीएसएस से जुड़े क्षेत्रों में जल्द थ्री-फेज बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी। साथ ही उन्होंने प्रभावित गांवों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि किसानों, पशुपालकों और आम लोगों को राहत मिल सके।
