श्रीगंगानगर। जिले के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब मकान देखने गया एक युवक हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, हालांकि उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार गांव 20 जीजी निवासी गुरप्रीत सिंह (22) अपने दोस्त योगेश के साथ किराए पर मकान देखने गया था। दोनों पड़ोस में स्थित एक खाली मकान का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान गुरप्रीत सीढ़ियों से होते हुए छत पर पहुंचा, जहां ऊपर से गुजर रही 132 केवी हाई वोल्टेज लाइन के प्रभाव में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक लाइन के करीब पहुंचते ही तेज करंट की चपेट में आ गया और झटका लगने से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद उसके दोस्त और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के मुताबिक हादसे में युवक के शरीर का करीब 45 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
- Advertisement -
घटना के बाद क्षेत्र में बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों ने आबादी क्षेत्र के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइनों को लेकर चिंता जताई है।
