बीकानेर रेलवे स्टेशन जल्द ही आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित नजर आएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने हालिया बीकानेर दौरे के दौरान स्टेशन के व्यापक पुनर्विकास की घोषणा करते हुए संकेत दिए कि मेजर अपग्रेडेशन परियोजना का टेंडर जल्द जारी किया जाएगा।
रेल मंत्री ने अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके। प्रस्तावित योजना के तहत स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण किया जाएगा। साथ ही नए यात्री प्रतीक्षालय, बेहतर प्रवेश और निकास व्यवस्था, आधुनिक पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल सूचना प्रणाली, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन और अन्य यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
स्टेशन परिसर को आकर्षक, सुव्यवस्थित और यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा। रेलवे का मानना है कि बीकानेर स्टेशन मरुस्थलीय पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके आधुनिक स्वरूप में विकसित होने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा और स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग तथा परिवहन क्षेत्र को भी लाभ होगा।
रेल मंत्रालय देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण अभियान पर कार्य कर रहा है और बीकानेर स्टेशन का पुनर्विकास इसी पहल का अहम हिस्सा माना जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध होगा।
