बीकानेर जिले में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत चयन प्रक्रिया पूरी करते हुए मंगलवार को जिला स्तरीय लॉटरी निकाली गई। जिला कलक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से तीर्थयात्रियों का चयन किया गया।
इस वर्ष जिले के कुल 1,882 वरिष्ठ नागरिकों को योजना का लाभ मिलेगा, जिनमें 1,677 यात्रियों को रेल मार्ग तथा 205 यात्रियों को हवाई मार्ग से विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। यात्रा कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा आगामी दिनों में तय की जाएगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष प्रदेशभर के 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल मार्ग और 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। बीकानेर जिले को भी इसके तहत निर्धारित कोटा आवंटित किया गया है।
योजना के तहत रेल मार्ग से हरिद्वार, ऋषिकेश, अयोध्या, वाराणसी, द्वारका, सोमनाथ, तिरुपति, कामाख्या, गंगासागर, जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम्, वैष्णो देवी, महाकालेश्वर, नांदेड़ सहित विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। वहीं हवाई मार्ग से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा का अवसर मिलेगा।
- Advertisement -
देवस्थान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह योजना वर्ष 2013 से संचालित की जा रही है, जिसके तहत राजस्थान के 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को जीवनकाल में एक बार नि:शुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जाती है। योजना में वर्ष 2016 से हवाई यात्रा को भी शामिल किया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह योजना पूरी तरह नि:शुल्क है और चयन प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। आमजन से किसी भी प्रकार के प्रलोभन या शुल्क मांगने वालों से सावधान रहने की अपील की गई है।
