बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के उदरासर गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें डेढ़ वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। खेलते समय बच्चा अचानक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार उदरासर निवासी तोलाराम मेघवाल का पुत्र प्रदीप घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह ट्रैक्टर के नीचे आ गया और हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत बच्चे को उपचार के लिए श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मासूम का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। 108 एंबुलेंस की सहायता से बच्चे को बीकानेर पहुंचाया गया।
फिलहाल पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में घायल मासूम का उपचार जारी है। चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
