राजस्थान में फिलहाल मानसून की गति धीमी बनी हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने जून के अंतिम सप्ताह से मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, पिछले 48 घंटों के दौरान मानसून पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में फिर से सक्रिय हुआ है। वर्तमान में इसकी उत्तरी सीमा महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार से होकर गुजर रही है।
विभाग का कहना है कि अगले 5 से 7 दिनों के दौरान मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिससे कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में जून के आखिरी दिनों में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह में राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होने के संकेत हैं।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। डीडवाना में सर्वाधिक 19 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। हालांकि अधिकांश जिलों में लोग अब भी मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि प्री-मानसून गतिविधियां अगले तीन दिन तक जारी रह सकती हैं। इसके मद्देनजर 24 और 25 जून को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, नागौर, अजमेर, टोंक, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ सहित 20 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
