नगर पालिका नापासर क्षेत्र में आमजन को बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। वर्ष 2025-26 की बजट घोषणा के तहत स्वीकृत 500 नई स्ट्रीट लाइटों में से 450 स्ट्रीट लाइटों का स्थापना कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष 50 स्ट्रीट लाइटें भी जल्द ही स्थापित कर दी जाएंगी।
पालिका प्रशासन के अनुसार इस कार्य से नापासर क्षेत्र के बाजारों, मुख्य सड़कों और आवासीय गलियों में प्रकाश व्यवस्था मजबूत होगी। इससे नागरिकों को रात्रिकालीन आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के प्रयासों से नगर पालिका क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में बेहतर और सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
पहले लगाए गए स्विच वायर, फिर लगीं स्ट्रीट लाइटें
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी अलका बुरड़क ने बताया कि आमजन की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 450 स्ट्रीट लाइटों की स्थापना का कार्य पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि कई विद्युत खंभों पर पहले स्विच वायर उपलब्ध नहीं थे, जिसके कारण वहां स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाई जा सकती थीं।
- Advertisement -
पालिका प्रशासन ने पहले ऐसे सभी खाली खंभों पर आवश्यक स्विच वायर लगाने का कार्य कराया। इसके बाद निर्धारित स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गईं, जिससे प्रकाश व्यवस्था का दायरा और अधिक बढ़ गया।
हर वार्ड में बेहतर सुविधाएं देने का लक्ष्य
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में बेहतर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना है। नई स्ट्रीट लाइटों से क्षेत्र में सुरक्षा, सुगम आवागमन और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
पालिका प्रशासन का मानना है कि बेहतर रोशनी से रात्रि के समय होने वाली असुविधाओं में कमी आएगी तथा नागरिकों को अधिक सुरक्षित वातावरण मिलेगा। शेष स्वीकृत स्ट्रीट लाइटों का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
