बीकानेर जिले में नकली नोटों के कारोबार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सोमवार रात पुलिस ने नकली नोटों और नोटों के आकार के प्रिंटेड कागजों की बड़ी खेप बरामद करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में मामले के तार हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लंबे समय से असली नोटों की आड़ में नकली नोट और नोट के आकार के विशेष रूप से प्रिंट किए गए कागजों के जरिए अवैध लेन-देन का खेल चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि करीब 65 लाख रुपये की राशि इस तरह के नकली नोटनुमा कागजों के माध्यम से खपाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन को जब्त किया और सप्लाई देने पहुंचे दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि नोटों की गड्डियों को इस तरह तैयार किया गया था कि ऊपर और नीचे असली 500 रुपये के नोट रखे गए थे, जबकि बीच में नोटों के आकार के प्रिंटेड कागज लगाए गए थे। प्रत्येक बंडल में 5-5 लाख रुपये की राशि दर्शाई गई थी।
गिरफ्तार युवक सारोठिया और बामनवाली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उस कथित हवाला कारोबारी की तलाश में जुटी है, जिससे यह सामग्री लाई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
- Advertisement -
उल्लेखनीय है कि हाल ही में कोटगेट थाना पुलिस ने 22 लाख रुपये के नकली नोटों से जुड़े मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जिले में नकली नोटों के कारोबार को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
