बीकानेर के रेल नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लालगढ़–बीकानेर रेलखंड के दोहरीकरण की घोषणा की है। यह घोषणा रविवार को योग दिवस के अवसर पर लालगढ़–साबरमती एक्सप्रेस के शुभारंभ समारोह के दौरान की गई।
रेल मंत्री ने बताया कि करीब 278.63 करोड़ रुपये की लागत से 11.08 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड का दोहरीकरण किया जाएगा। इस परियोजना में बीकानेर ईस्ट, बीकानेर और लालगढ़ रेलवे स्टेशन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि दूरी में छोटा होने के बावजूद यह रेलखंड परिचालन और यातायात की दृष्टि से बेहद अहम है।
वर्तमान में बीकानेर मंडल की अधिकांश रेल सेवाएं इसी मार्ग से होकर गुजरती हैं। एकल रेल लाइन होने के कारण ट्रेनों के संचालन, रैक मूवमेंट और यातायात प्रबंधन में कई बार बाधाएं आती हैं। दोहरीकरण के बाद लाइन क्षमता बढ़ेगी, जिससे ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार होगा और क्रॉसिंग व सिग्नल वेटिंग का समय भी कम होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार परियोजना पूरी होने के बाद मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम, तेज और सुरक्षित हो सकेगा। साथ ही भविष्य में नई रेल सेवाओं के संचालन और बढ़ते यात्री दबाव को संभालने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
- Advertisement -
रेलवे विशेषज्ञों का मानना है कि लालगढ़–बीकानेर रेलखंड लंबे समय से परिचालन की दृष्टि से एक प्रमुख बाधा बिंदु बना हुआ था। ऐसे में इसका दोहरीकरण बीकानेर रेल मंडल की क्षमता बढ़ाने और रेलवे सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
