बीकानेर सदर थाना पुलिस पर लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर एक बस संचालक ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता चक 28 ए.एस., घड़साना निवासी बस संचालक शंकरलाल हैं।
शिकायत में बताया गया है कि 11 जून को दीनदयाल सर्किल के पास उनकी बस और एक कार के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी। आरोप है कि कार चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस दोनों वाहनों को सदर थाने ले गई। बस चालक हंसराज ने उसी दिन लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कथित रूप से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शंकरलाल का कहना है कि उनकी बस को न तो किसी वैधानिक आदेश के तहत जब्त किया गया और न ही सील किया गया, इसके बावजूद उसे कई दिनों से थाने परिसर में खड़ा रखा गया है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बस को छोड़ने के अनुरोध पर संबंधित पुलिस अधिकारी ने अभद्र व्यवहार किया और वाहन छोड़ने के बदले 20 हजार रुपये की मांग की। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
- Advertisement -
शिकायतकर्ता ने डीजीपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा बस को तत्काल मुक्त कराने की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद सदर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
