जयपुर में अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बजाज नगर थाना पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्पा सेंटरों की जांच में गाइडलाइन का उल्लंघन पाए जाने पर 10 महिलाओं और 4 पुरुषों सहित कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के अनुसार, क्षेत्र में संचालित करीब 11 स्पा सेंटरों के संचालकों को पहले ही पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई थी। साथ ही नियमों की अनदेखी करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
सोमवार को महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पुलिस टीम ने कई स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टोंक रोड स्थित एलिस थाई स्पा, लक्ष्मी मंदिर के निकट ब्लू स्टार थाई स्पा और विवेक विहार स्थित बुर्ज फैमिली थाई स्पा में निर्धारित नियमों का उल्लंघन सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि स्पा सेंटरों में नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए आगे भी नियमित रूप से निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने सभी स्पा और मसाज पार्लर संचालकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
