बीकानेर जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने तीन आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर तीनों की हिस्ट्रीशीट खोलते हुए उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बज्जू थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय भंवरसिंह राजपूत के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े गंभीर अपराधों सहित कुल आठ मामले दर्ज हैं। वहीं मोडायत निवासी 32 वर्षीय बजरंग खीचड़ उर्फ दयाराम बिश्नोई के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, राजकार्य में बाधा तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे छह प्रकरण दर्ज हैं।
इसके अलावा महाजन थाना क्षेत्र के सुई गांव निवासी 35 वर्षीय साहबराम वाल्मीकि के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, चोरी और एनडीपीएस एक्ट सहित गंभीर प्रकृति के दस मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि तीनों व्यक्तियों की लगातार आपराधिक गतिविधियों और दर्ज मामलों को देखते हुए उनकी हिस्ट्रीशीट खोली गई है। अब संबंधित थाना पुलिस इनके आवागमन, गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्तियों पर नियमित नजर रखेगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
