बीकानेर। लूणकरणसर पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद जुआ राशि और ताश के पत्ते भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 21 जून को रोही सादेरा क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेलते हुए छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सादेरा निवासी रामकरण और दौलतराम, धीरेरा निवासी सीताराम व पुनमराम, धीरेरा स्टेशन निवासी नत्थूराम तथा दुलमेरा निवासी राजूराम शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 9,590 रुपए की जुआ राशि और ताश की एक जोड़ी जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ 13 आरपीजीओ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रकरण की जांच हैड कांस्टेबल सुभाषचंद्र द्वारा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
