बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में सोमवार देर रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब हादसे में दो लोगों की मौत के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीसी घीया मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में मृत एक युवक के पिता पर नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया। घटना के विरोध में नर्सिंग कर्मचारियों ने ट्रॉमा सेंटर के बाहर धरना शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बाद में अधीक्षक द्वारा कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद नर्सिंग स्टाफ ने धरना समाप्त कर पुनः कार्यभार संभाल लिया।
गौरतलब है कि हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक पर सवार कुछ युवक कथित रूप से स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पैदल चल रहे लोगों से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार युवक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों में एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा आईसीयू में उपचार चल रहा है। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों और नर्सिंग स्टाफ के बीच विवाद बढ़ गया, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।
