बीकानेर। खाजूवाला कस्बे में सोमवार को एक इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, रिद्धि सिद्धि इलेक्ट्रॉनिक के गोदाम के पास सफाई के दौरान कचरा जलाया जा रहा था। इसी दौरान उठी चिंगारियां गोदाम तक पहुंच गईं, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे कूलर, पंखे, एयर कंडीशनर (एसी) सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने के बाद नगर पालिका की दमकल समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। बताया जा रहा है कि दमकल वाहन तकनीकी खराबी और ऑपरेटर की अनुपलब्धता के कारण रवाना नहीं हो पाया। वहीं मौके पर मौजूद अग्निशमन यंत्र भी खाली पाए गए, जिससे शुरुआती बचाव कार्य में दिक्कतें आईं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ के पानी के टैंकरों और निजी टैंकरों की मदद ली गई। कई घंटों की मशक्कत और लगातार पानी की बौछारों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग नियंत्रित होने से आसपास के प्रतिष्ठानों और रिहायशी क्षेत्रों को नुकसान पहुंचने से बचा लिया गया।
- Advertisement -
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक आकलन में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
