बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने कांग्रेस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मोर्चरी के बाहर धरना देकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
गौरतलब है कि हाल ही में पीबीएम अस्पताल में उपचाराधीन छह महिलाओं की किडनी प्रभावित होने का मामला सामने आया था, जिसके बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और चिकित्सा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे थे। इसी मामले से जुड़ी एक महिला की पहले मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी महिला शारदा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए और न्याय की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष भंवरलाल कूकणा ने आरोप लगाया कि पीबीएम अस्पताल में लगातार लापरवाही और अव्यवस्था के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे आम मरीजों और उनके परिजनों में भय और असंतोष का माहौल है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
- Advertisement -
वहीं एनएसयूआई अध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने कहा कि यदि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आमजन के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।
परिजनों ने मृतका के परिवार को उचित आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी है। फिलहाल प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से वार्ता के प्रयास जारी हैं।
