श्रीगंगानगर। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियारों का कथित सप्लायर और कुख्यात गैंगस्टर शकील अंसारी उर्फ आदिल श्रीगंगानगर पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जब वह एक कारोबारी पर फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए शहर पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, शकील गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय हैंडलर है। वारदात से पहले पुलिस से हुई मुठभेड़ में आरोपी ने कई राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह बाइक सहित गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। उपचार के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। उसने बताया कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में तुर्किये और ऑस्ट्रिया निर्मित जिगाना और ग्लॉक पिस्टलों का इस्तेमाल किया गया था। आरोपी ने दावा किया कि इन हथियारों की सप्लाई उसी ने की थी। उसने बताया कि एक विदेशी पिस्टल की कीमत करीब छह लाख रुपए होती है और इन्हें गैंगस्टरों व अपराधियों को वारदात के लिए उपलब्ध कराया जाता है।
शकील ने खुलासा किया कि वारदात के बाद हथियार वापस ले लिए जाते हैं और बाद में दूसरी आपराधिक घटनाओं में उनका इस्तेमाल किया जाता है। उसने यह भी बताया कि गैंग के पास विदेशी पिस्टलों का बड़ा कलेक्शन है, जिन्हें अलग-अलग ठिकानों पर छिपाकर रखा जाता है।
- Advertisement -
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी 11 जून को लुधियाना से श्रीगंगानगर पहुंचा था और एक कारोबारी को निशाना बनाने की तैयारी में था। हालांकि, पुलिस की सतर्कता के चलते वह वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया गया। अब पुलिस उससे गैंग नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन और अन्य आपराधिक मामलों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
