बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर के अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन नीलकंठ के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार भुट्टों का बास क्षेत्र में जग्गू उर्फ शकील द्वारा किए गए अवैध कब्जे और निर्माण को प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत हटाया गया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक जग्गू उर्फ शकील के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मामले दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि वह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा रहा है। वर्तमान में आरोपी नशा तस्करी से संबंधित एक मामले में जेल में बंद बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार से अर्जित धन से बनाए गए निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
- Advertisement -
अधिकारियों ने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई को नशे के नेटवर्क के खिलाफ प्रशासन की सख्त नीति के रूप में देखा जा रहा है।
