बीकानेर। गजनेर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर गोयलरी फांटे के पास बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बिजली लाइन की चपेट में आने से पांच भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
जानकारी के अनुसार भेड़ें पास के क्षेत्र में चर रही थीं, तभी वे अनजाने में विद्युत लाइन के संपर्क में आ गईं। तेज करंट लगने से सभी पांच भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पशुपालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
सूचना मिलने पर गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एएसआई वीरेंद्र सिंह ने पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बिजली विभाग को भी मामले से अवगत कराया गया।
पुलिस के अनुसार घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे एक दुर्घटनावश हुई घटना माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने प्रभावित पशुपालक को हुए नुकसान की जानकारी भी दर्ज की है।
