बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रताप बस्ती निवासी राजूराम नायक ने कई लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार घटना 15 जून की रात प्रताप बस्ती क्षेत्र की है। परिवादी का आरोप है कि आरोपी हथियारों से लैस होकर उसके घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोप है कि आरोपियों ने पिस्टल से हवा में तीन राउंड फायर भी किए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया है कि हमले के दौरान उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और जातिसूचक गालियां दी गईं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने नयाशहर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जेठाराम, गोविंद, कन्हैयालाल, राधाकिशन, धर्मा, देवरात, रामदेव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
