साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक 32 वर्षीय व्यक्ति फेसबुक पर दिखाई गई तस्वीरों के जाल में फंसकर हजारों रुपये गंवा बैठा। साइबर अपराधियों ने बेहद शातिर तरीके से उसके स्मार्टफोन का एक्सेस हासिल कर बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए।
मुंबई पुलिस के अनुसार पीड़ित व्यक्ति फेसबुक ब्राउज कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर कुछ महिलाओं की तस्वीरों पर पड़ी। जैसे ही उसने उन तस्वीरों पर क्लिक किया, उसके स्मार्टफोन में संदिग्ध गतिविधियां शुरू हो गईं। कुछ ही देर में फोन असामान्य रूप से गर्म होने लगा और साइबर ठगों ने डिवाइस पर नियंत्रण हासिल कर लिया।
इसके बाद पीड़ित के बैंक खाते से बिना अनुमति के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन होने लगे। जब तक उसे मामले की जानकारी मिली, तब तक खाते से कुल 70 हजार रुपये निकाले जा चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोन हैक होने के संकेत
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार यदि स्मार्टफोन की बैटरी तेजी से खत्म होने लगे, फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो, इंटरनेट डेटा की खपत अचानक बढ़ जाए या फोन में अनजान ऐप्स दिखाई देने लगें तो सतर्क हो जाना चाहिए। इसके अलावा बार-बार पॉप-अप विज्ञापन आना, फोन की स्पीड कम हो जाना और कैमरा या माइक्रोफोन इंडिकेटर का अपने आप सक्रिय होना भी हैकिंग के संकेत हो सकते हैं।
- Advertisement -
फोन हैक होने पर क्या करें?
यदि फोन हैक होने का संदेह हो तो तुरंत मोबाइल डेटा और वाई-फाई बंद कर दें तथा फोन को फ्लाइट मोड पर डाल दें। बैंकिंग ऐप्स को हटाकर बैंक से संपर्क करें और खाते व कार्ड को अस्थायी रूप से ब्लॉक करवाएं। साथ ही सभी महत्वपूर्ण पासवर्ड बदलें और साइबर हेल्पलाइन या पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।
