बीकानेर। आमजन की डाक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बीकानेर डाक मंडल की ओर से 18 जून 2026 को डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अधीक्षक डाकघर, बीकानेर मंडल कार्यालय में सुबह 11 बजे किया जाएगा।
इस डाक अदालत में काउंटर सेवा, मनीऑर्डर, बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, पार्सल, बीमाकृत वस्तुएं, स्पीड पोस्ट, मूल्य देय वस्तुएं तथा विदेशी डाक सेवाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
डाक विभाग के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं को इन सेवाओं से संबंधित शिकायतें हैं, वे 15 जून 2026 तक अपना आवेदन कार्यालय में भेज सकते हैं। आवेदन पत्र और लिफाफे पर स्पष्ट रूप से “डाक अदालत हेतु” अंकित करना आवश्यक होगा, ताकि शिकायतों को समय पर सुनवाई के लिए शामिल किया जा सके।
अधीक्षक डाकघर ने आमजन से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी समस्याएं समय पर दर्ज कराएं, ताकि उनका समाधान शीघ्र किया जा सके।
