बीकानेर। सादुल क्लब मैदान में आयोजित मेगा ट्रेड फेयर एवं फैमिली फन पार्क इन दिनों शहरवासियों के लिए प्रमुख मनोरंजन और खरीदारी का केंद्र बना हुआ है। मेले के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही हर शाम बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं, जिससे परिसर देर रात तक गुलजार रहता है।
इस बार मेले की थीम ‘मेट्रो डिज्नीलैंड फैमिली फन पार्क’ लोगों को खासा आकर्षित कर रही है। आकर्षक लाइटिंग और कलात्मक सजावट के बीच ‘नियाग्रा फॉल’ और ‘न्यूयॉर्क सिटी’ थीम पर बनाए गए सेटअप युवाओं और बच्चों के लिए सेल्फी व वीडियो का पसंदीदा स्थान बने हुए हैं।
मेले में लगाए गए विशाल झूले और रोमांचक राइड्स युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आए व्यापारियों के स्टॉल्स पर घरेलू उपयोग के सामान, फैशन ज्वेलरी, रेडीमेड कपड़े, हैंडीक्राफ्ट और इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स की अच्छी-खासी बिक्री देखी जा रही है।
फूड जोन में भी भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां लोग पावभाजी, चाट, डोसा, पिज्जा, बर्गर और आइसक्रीम का आनंद ले रहे हैं। बच्चों के लिए अलग से सुरक्षित मनोरंजन जोन तैयार किया गया है, जबकि सुरक्षा, पेयजल, सफाई और निशुल्क पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
- Advertisement -
आयोजकों के अनुसार, मेले के समापन में अब कुछ ही दिन बचे हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है।
