बीकानेर। जिले के किलचू गांव में एक बार फिर खेजड़ी के पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोलर प्लांट लगाने की तैयारी के तहत बुधवार देर रात 12 खेजड़ी के पेड़ काट दिए गए। घटना का पता गुरुवार सुबह तब चला जब ग्रामीणों ने एक खेत में कटे हुए पेड़ देखे और इसकी सूचना राजस्व विभाग को दी।
सूचना मिलने पर पटवारी किशोरी लाल, वन विभाग के कर्मी मालम सिंह और केसूराम जाट मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कटे हुए पेड़ों को ग्रामीणों की निगरानी में वहीं सुपुर्द कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित भूमि पर सोलर प्लांट स्थापित करने की तैयारी चल रही है और इसी के लिए पेड़ों की कटाई की गई है। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना पर पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े संगठनों ने नाराजगी जताई है। जीव रक्षा संस्था के अध्यक्ष मोखराम धारणिया और पर्यावरण संघर्ष समिति के संयोजक रामगोपाल बिश्नोई ने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद खेजड़ी के पेड़ों की कटाई लगातार जारी है। उनका आरोप है कि प्रभावी कानूनी कार्रवाई और सख्त निगरानी के अभाव में ऐसे मामले बढ़ रहे हैं।
- Advertisement -
पर्यावरण प्रेमियों ने खेजड़ी संरक्षण के लिए सख्त कानून लागू करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
