बीकानेर। जिले में पुलिस ने अलग-अलग अभियानों के तहत मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी और बाल श्रम के मामलों में कार्रवाई की है। इन कार्रवाइयों के तहत एक तरफ नशीले पदार्थ जब्त किए गए, वहीं दूसरी ओर एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया।
हदां थाना क्षेत्र में ऑपरेशन नीलकण्ठ के तहत पुलिस ने एक ढाणी पर छापेमारी कर 16 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। बरामदगी के बाद एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी जगमालाराम से पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई आईजी ओमप्रकाश के निर्देशन में एएसपी बनवारीलाल और सीओ संग्राम सिंह की देखरेख में की गई, जिसमें एसएचओ ईमीचंद और उनकी टीम भी शामिल रही।
वहीं, ऑपरेशन उमंग-7 के तहत रानी बाजार क्षेत्र में एक रिपेयरिंग सेंटर पर छापेमारी कर बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया। बच्चे को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया, जबकि दुकान मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऐसे अभियानों का उद्देश्य नशे के कारोबार पर अंकुश लगाना और बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करना है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
