बीकानेर। रिश्वतखोरी के गंभीर मामले में गिरफ्तार किए गए बीज निगम के पूर्व डायरेक्टर जुगल किशोर बिश्नोई सहित छह आरोपियों को अदालत ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले आरोपियों की पांच दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर उन्हें शुक्रवार को एसीबी द्वारा कोर्ट में पेश किया गया था।
यह मामला तब सामने आया जब एसीबी टीम ने लूणकरणसर में एक बस में सवार स्वतंत्र कुमार ज्याणी को पकड़ा। उसके पास मिले बैग से 85 लाख रुपए नकद बरामद हुए थे। पूछताछ में स्वतंत्र कुमार ने बताया कि यह राशि उसके मामा जुगल किशोर बिश्नोई की है और वह इसे श्रीगंगानगर ले जा रहा था।
इसके बाद एसीबी ने जुगल किशोर बिश्नोई के आवास पर छापेमारी की, जहां से लगभग 1.59 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए। जांच एजेंसी के अनुसार यह राशि गुजरात आधारित एक बीज कंपनी से कथित रिश्वत के रूप में ली गई थी।
इस मामले में जुगल किशोर बिश्नोई, स्वतंत्र कुमार ज्याणी, किरण भाई कपाड़िया, गणपत बिश्नोई, सतपाल सिंह और सुनील कुमार सेतिया को गिरफ्तार किया गया है। अब तक कुल लगभग 2.45 करोड़ रुपए नकद बरामद किए जा चुके हैं।
- Advertisement -
एसीबी अब कथित उगाही नेटवर्क, नकली बीज कारोबार और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन लोग शामिल थे तथा बरामद राशि के अलावा भी कोई अन्य लेन-देन हुआ है या नहीं।
अधिकारियों का मानना है कि अतिरिक्त रिमांड के दौरान पूछताछ से मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं तथा आने वाले दिनों में नई गिरफ्तारियां भी संभव हैं।
