बीकानेर। इंदिरा कॉलोनी स्थित एफसीआई गोदाम के पास जीएसएस में फॉल्ट ठीक करने गए बिजली ऑपरेटर के साथ मारपीट और बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान इलाके में करीब डेढ़ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बीकेईएसएल के एईएन एचटीएम गौतम सामल की ओर से बीछवाल थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 10 जून की रात करीब 10:28 बजे जीएसएस में फॉल्ट आने से बिजली सप्लाई बंद हो गई थी। फॉल्ट ठीक करने के लिए ऑपरेटर मनरूप मौके पर पहुंचा।
आरोप है कि इसी दौरान भगवान सिंह मेड़तिया अपने 50-60 साथियों के साथ जीएसएस परिसर में पहुंचा और वहां हंगामा शुरू कर दिया। बताया गया कि उसने जीएसएस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया ग्रुप में साझा किया, जिसके बाद और लोग भी मौके पर जुट गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेटर ने कई बार फॉल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन बार-बार बाधा डालकर सप्लाई बंद करवा दी गई। इसके बाद मनरूप के साथ मारपीट की गई और उसे बंधक बनाकर बाहर ले जाया गया।
- Advertisement -
इस दौरान जीएसएस पर खड़ी दो बोलेरो कैंपर और दो टाटा वाहनों के टायरों की हवा निकाल दी गई तथा बिजली उपकरण भी कथित रूप से चोरी कर लिए गए। बीच-बचाव के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से ऑपरेटर को छोड़ा गया।
घटना के कारण इलाके में करीब 1.5 घंटे तक बिजली बाधित रही और बाद में फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल की गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
