बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने और कथित चिकित्सा लापरवाही के चलते किडनी प्रभावित होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह शेखावत और रामनिवास कूकना के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए अस्पताल में इलाज के दौरान बरती गई कथित लापरवाही को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने कहा कि मातृत्व से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बेहद गंभीर है और इसे किसी भी हाल में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
विजय सिंह शेखावत और रामनिवास कूकना ने कहा कि अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी प्रभावित महिलाओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और उनके स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई या दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया तो जनहित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
- Advertisement -
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि माताओं के स्वास्थ्य से जुड़े इस मामले में न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
