बीकानेर के पवनपुरी क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक रेल हादसे में 61 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य मौके पर पहुंचे तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 9 जून की रात करीब 11:45 बजे पवनपुरी स्थित आर्य हॉस्पिटल के सामने मधुबन पार्क के निकट रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 39 निवासी प्रवीण कुमार (61) पुत्र हरचरण दास के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर खिदमतगार खादिम सोसायटी और असहाय सेवा संस्थान के सदस्य एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। थाना पुलिस की मौजूदगी में घायल अवस्था में मिले व्यक्ति को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
घटना के दौरान समाजसेवी शोएब भाई, मोहम्मद जुनैद खान, इमरान, राजकुमार खड़गावत सहित अन्य लोगों ने राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक जांच शुरू कर दी है।
